शहर के नामी गुंडों के मकानों  पर फिर चलेगा बुलडोजर!
शहर के नामी गुंडों के मकानों 

पर फिर चलेगा बुलडोजर!

इंदौर। शहर में अपराध करने वाले गुंडों के मकान तोड़ने की कार्रवाई जल्द ही फिर शुरु होगी। इसके लिए एसएसपी रूचिवर्धन मिश्र ने बदमाशों के अवैध निर्माणों को लेकर एएसपी रेंक के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण करने वाले बदमाशों को उनके अतिक्रमणों सहित चिन्हित कर नगर निगम से उनकी जानकारी जुटाएं।
  एसएसपी ने बताया कि शहर में चाकूबाजी, लूट और महिला अपराधों में जो भी बदमाश अब तक पकड़ाए हैं उन बदमाशों की संपतियों की जानकारी ली जा रही है। हमारी टीमें उनके अवैध अतिक्रमण की जानकारी भी नगर निगम के अधिकारियों की मदद से चिन्हित कर रही है। जिनके भी अवैध निर्माण पाए जाएंगे पहले नगर निगम से नोटिस जारी करेंगे फिर उन्हें तुड़वाएंगे। हाल ही में परदेशीपुरा में गुंडे की हत्या करने वाले बदमाश राजा कचौरी, पमपम उर्फ आशीष शर्मा और आजाद नगर के विराट नगर में अक्षय सिलावट की चाकू से गला रेत कर हत्या करने वाले बदमाश रोहित उर्फ छोटू पंडित, शुभम और विकास की आर्थिक संपतियों व अवैध निर्माण की जानकारी के लिए एएसपी प्रशांत चौबे को निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि इसके पूर्व पूरे प्रदेश में गुंडों के मकान तोड़ने की कार्रवाई इंदौर के तत्कालीन डीआईजी रहे हरिनारायणाचारी मिश्र ने शुरु की थी। इस कार्रवाई में डीआईजी मिश्र ने शहर के करीब सवा सौ गुंडों के मकानों के अवैध निर्माणों को चिन्हित कर उन्हें तुड़वाया था।
   इस कार्रवाई में शहर के ख्यात गुंडे सतीश भाऊ, सत्यनारायण लुनिया, चेतन नाथ, सहित अन्य कई लिस्टेड गुंडों के अवैध निर्माण तुड़वाए थे। पुलिस की इस कार्रवाई से कई गुंडों की आर्थिक रीड टूट गई थी और वे आर्थिक रुप से कमजोर हुए थे। वहीं कई बदमाशों पर इसका असर ये हुआ था कि वे अपराध करने से घबराने लगे थे। वहीं कई परिवार वालों ने अपने अपराधी बच्चों को अलग कर दिया था।