शहर में खाद्य सामग्री के वितरण में  निगम का सहयोग करेगी पुलिस! 





इंदौर। लॉक डाउन की स्थिति में शहर के लोगों तक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम की योजना में पुलिस सहयोग करेगी। पुलिस के जवान 100 दोपहिया वाहनों से लोगों तक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराएंगे, जिन्हें 'प्रहरी' नाम दिया गया है। 
   आईजी इंदौर ने आज पुलिस लाइन जाकर योजना के संदर्भ में पुलिस जवानों को ब्रीफ किया। उन्होंने बताया कि निगम की कचरा इकट्ठा करने वाली गाड़ी द्वारा 'डोर टू डोर'  जाकर एक निर्धारित प्रोफार्मा में आर्डर लिया जाएगा। इसके बाद अगले दिन आर्डर के आधार पर झोनल स्तर पर पुलिस जवान घर-घर जाकर खाद्य सामग्री का वितरण करेंगे। निगम ने प्रत्येक झोन पर एक अधिकारी नियुक्त किया गया है जिसे 5 प्रहरी उपलब्ध कराए जाएंगे। आईजी ने बताया कि लोगों को योजना के विषय में समझना बेहद आवश्यक है, ताकि अनावश्यक भीड़-भाड़ और अव्यवस्था की स्थिति निर्मित न हो। केवल वह लोग ही जो निर्धारित प्रारूप में आर्डर देंगे, उन्हीं को घर-घर जाकर खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। जो लोग शुरु में आर्डर नहीं दे पाए, उन लोगों को परेशान होने की आवश्यकता नहीं! पर्याप्त मात्रा ने खाद्य सामग्री उपलब्ध है, जो प्रतिदिन उपलब्ध कराई जाएगी। परन्तु फिर भी अगर लोग कानून का उल्लंघन करते हुए अव्यवस्था फेलायेंगे तो उनके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जाएगी! जिसे सुनिश्चित करने के लिए अलग से पुलिस दस्ते तैनात किए गए हैं। उन्होंने लोगो से अपील करते हुए कहा कि भीड़-भाड़ न लगाएं तथा अपनी बारी आने का इंतजार करें और इस योजना को सफल बनाने के लिए  नगर निगम का सहयोग करें।