सर्वे कर रही मेडीकल टीम पर  हमला, थप्पड़ मारा, फोन तोड़ा! 

 







इंदौर। शहर में आज फिर मेडीकल टीम पर हमले की वारदात हुई। आरोपी ने सर्वे कर रही मेडिकल टीम पर पलासिया थाने के विनोबा नगर में हमला किया। आरोपी अमन उर्फ पारस पिता बलराम बौरासी को गिरफ्तार कर लिया गया है। सर्वे टीम पर चाकू से हमला किया गया। बीच-बचाव में आए पड़ोसियों को भी चाकू लगा। बताया जा रहा है कि ये पड़ोसियों का आपसी विवाद था जो सर्वे टीम के आने से बढ़ गया था। 

  सर्वे टीम में डॉक्टर, टीचर, पैरामेडिकल कर्मचारी औए आशा कार्यकर्ता शामिल थे। सर्वे टीम पर हमला करने वाला पेशेवर गुंडा बताया जाता है। गुंडे ने सर्वे टीम में शामिल एक शिक्षिका को थप्पड़ मारा और उनका मोबाइल छीनकर तोड़ दिया। सर्वे इंचार्ज आयुर्वेदिक डॉ प्रवीण चौरे ने घटना की पुष्टि की। जानकारी के मुताबिक पारस क्षेत्र में नशे की सामग्री बेचने का काम करता है। गुंडे ने सर्वे टीम से विवाद किया। उसका कहना था कि मेरे बारे में जानकारी क्यों ले रहे हो, मैं कोरोना पेशेंट नहीं हूं। उसने धक्का दिया तब विवाद हुआ। पड़ोसी ने बीच-बचाव किया तो उन्हें भी घायल किया और फरार हो गया। डीआईजी हरिनारायण चारी मिश्र के अनुसार पड़ोसियों का आपसी विवाद था। कोई पुरानी रंजिश के तहत दोनों के बीच में विवाद हो रहा था। ऐसी स्थिति में सर्वे टीम अपना काम कर रही थी और सर्वे टीम की महिला मोबाइल पर रिकॉर्ड कर सर्वे कर रही थी। लेकिन, उस युवक को लगा कि इस विवाद को यह महिला कैमरे में कैद कर रही है। इस कारण सर्वे टीम की महिला का मोबाइल लेकर उस युवक ने तोड़ दिया। हालांकि, इसमें महिला पर कोई हमला नहीं किया स्वास्थ्य विभाग की टीम पर यह कोई हमला नहीं है। यह पड़ोसियों का आपसी विवाद था, लेकिन आरोपी पर 353 की कार्रवाई की जा रही है।