किराना सामान की घर-घर सप्लाय दुकान खोलने की अनुमति नहीं!

- रहवासी नहीं जा सकेंगे अपने घर से निकलकर किराना दुकान
इंदौर। नगर निगम कमिश्नर आशीष सिंह ने बताया कि नगर निगम द्वारा आज से किराना सामग्री की आपूर्ति के लिए घर-घर जाकर ऑर्डर लेना शुरू किया गया है। यह आर्डर कचरा गाड़ी के माध्यम से लिए गए! लगभग 28,000 आर्डर लिए गए, जिनकी पूर्ति कल शाम तक पूरी करने की कोशिश की जाएगी! हालांकि, अभी यह सुविधा प्रारंभ की गई है इसमें थोड़ी बहुत तकलीफ जरूर आएगी उसे भी जल्द दूर कर दिया जाएगा। कुछ किराना दुकानों को चिन्हित किया गया है जिन्हें पास दिए जाएंगे वह इन खाद पदार्थों की आपूर्ति करेंगे।

   शहर में कोरोना वायरस की परिस्थितियों को देखते हुए एवं रहवासियों की स्वास्थ्य सुरक्षा हेतु पूर्ण रूप से लॉकडाउन प्रचलित है। लॉक डाउन की परिस्थितियों में लोगों को कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए घरों के अंदर रहना अनिवार्य है। इस हेतु ही धारा 144 का प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया गया है। कलेक्टर मनीष सिंह ने बताया कि रहवासियों की मूलभूत सुविधाओं को जारी रखने के लिए घर-घर दूध पहुँचाने की व्यवस्था प्रभावशील एवं प्रचलित है। इसी क्रम में किराना सामान व आलू-प्याज की सुविधा मुहैया कराए जाने के लिए विभिन्न किराना दुकान संचालक एवं उन्हें सामान सप्लाय करने वाले डीलर्स, डीलर्स को सप्लाय करने वाले निर्माता आदि से जिला प्रशासन एवं नगर पालिक निगम द्वारा चर्चा की गई। कलेक्टर के आदेश पर रहवासियों की मांग के अनुसार एवं भुगतान के आधार पर निजी प्रदायकर्ता द्वारा सामग्रियों का वितरण किया जाएगा। परंतु, इस कार्यवाही के लिए कोई भी किराने अथवा आलू-प्याज की दुकान खोलने की अनुमति नहीं है। उन्होंने बताया कि, प्रत्येक वार्ड को एक से अधिक भागों में विभक्त किया गया है। वार्ड को मोहत्लावार 24 किराना सप्लाय क्षेत्रों में बांटा गया है। इसके लिए प्रत्येक किराना सप्लाय क्षेत्र में एक किराना सामान सप्लायर व डीलर को चिन्हित कर, जिम्मेदारी सौंपी गई है।
ऐसे होगी होम डिलीवरी
   नगर निगम के स्वच्छता वाहन के रूट पर एक सप्लाय क्षेत्र प्रभारी प्रत्येक घर में जाकर कुछ निश्चित आवश्यक 15 आईटमस (जिसमें आलू-प्याज सम्मिलित है) की सूची रहवासी को देगा। रहवासी अपनी मांग के अनुसार एक पत्रक में आईटम्स चिन्हित कर सकेगा। बाद में राशन सप्लाय क्षेत्र प्रभारी उसी दिन या अगले दिन प्रत्येक रहवासी से उसके घर जाकर यह मांग पत्रक वापस प्राप्त करेंगे तथा उसे तत्काल उस वार्ड के नगर निगम द्वारा चिन्हित सप्लायर को देगें। कम से कम समय में किराना प्रदायकर्ता प्रत्येक घर पर ही मांग अनुसार सामग्री सप्लॉय करेंगे। उस सामग्री पर आंकलित कीमत राशि रहवासी से सीधे किराना प्रदायकर्ता ही प्राप्त करेगा। रहवासी को प्रदाय की जाने वाली सामग्री की राशि का लेनदेन किसी भी स्थिति में नगर निगम कर्मचारी द्वारा नहीं किया जाएगा।
कालाबाजारी पर सख्ती 
 कलेक्टर ने बताया कि विभिन्न माध्यमों से यह जानकारी प्राप्त हुई है कि कुछ किराना व्यापारियों द्वारा सख्त लॉक डाउन के पूर्व किराना सप्लाय अधिक दरों पर किया गया है। यह कालाबाजारी की श्रेणी में आता है। अतः  सभी किराना सामग्री सप्लायकर्ताओं एवं डीलर्स को निर्देशित किया गया है कि इस प्रकार की कालाबाजारी पर सख्त प्रतिबंध रहेगा।
311 एप पर ले सकेंगे मदद
   रहवासियों को शिकायत होने पर इंदौर-311 एप, मेयर हेल्पलाइन पर इसकी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। इसके अतिरिक्त नगर निगम कंट्रोल रूम नंबर पर 07314030100, 07314071717, 07314051515 पर दर्ज करा सकते है। इस व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए कलेक्टर ने वाहन वितरण भी किए गए हैं जिन पर कलेक्टर द्वारा जारी कर्फ्यू ड्यूटी पास रहेगा। इस कार्य हेतु संलग्न कर्मचारी व लेबर को  सामग्री पास भी दिया गया है।