बसों पर लगेज, सख्त होगा आरटीओ

बसों पर लगेज, सख्त होगा आरटीओ
  इंदौर। शहर में दौड़ती ट्रेवल्स की बसों की छतों पर ओवरलोडिंग रोकने के लिए अब आरटीओ कड़े कदम उठाने जा रहा है। अगले सप्ताह दशहरा बाद आरटीओ विशेष मुहिम चलाएगा। इस दौरान बसों पर ओवरलोड मिला तो बड़ी राशि चालान  के रुप में वसूली जाएगी। कुछ माह पहले आरटीओ ने निर्देश जारी किए थे कि शहर से बाहर चलने वाली ट्रेवल्स की बसों की छतों पर किसी प्रकार का सामान आदि नहीं रखा जाएगा, इसका पालन कड़ाई से किया जाए। कुछ दिन तो ट्रेवल्स बस संचालकों ने आरटीओ के निर्देशों का अक्षरश: पालन किया, बाद में वे आदेश को घोलकर पी गए और फिर छतों पर ओवरलोडिंग करने लगे। सूत्रों की मानें तो आरटीओ अधिकारी,कर्मचारी के संरक्षण में ओवरलोडिंग का काम धड़ल्ले से हो रहा है। बार-बार यात्रियों व आमजन की शिकायतें इस संबंध में आरटीओ को मिलती रही है। भोपाल तक शिकायतें पहुंचने के बाद निष्क्रिय पड़ा आरटीओ अचानक जागा और उसने विशेष मुहिम चलाने की घोषणा कर दी। घोषणा सार्वजनिक करने से बस संचालक सजग हो गए। वे कुछ दिन ओवरलोडिंग से बचेंगे। इस बीच आरटीओ मुहिम चलाकर यह कहेगा कि बसों में ओवरलोडिंग नहीं हो रही है।