बाल सफ़ेद न हो, इसके लिए जेल  में हेयर स्प्रे लाई श्वेता, जब्त किया! 
बाल सफ़ेद न हो, इसके लिए जेल 

में हेयर स्प्रे लाई श्वेता, जब्त किया!

इंदौर। हनीट्रैप की पांचों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। जेल पहुंची श्वेता जैन अपने कपड़ों के साथ हेयर स्प्रे भी लेकर आई थी। अंदर आने पर तलाशी ली गई तो उसके पास से यह मिली। उससे पूछताछ की गई तो उसका कहना था कि बाल सफेद न हो, इसके चलते वह इसे लेकर आई थी। इसके साथ दूसरी युवती के पास भी मेकअप का सामान मिला था। उसे भी अलग रखवा दिया गया है।
  जिला जेल में पुलिस का दल पांचों को लेकर पहुंचा था। पांचों को एक-एक करके जेल में लाया गया। जेल गेट पर सारी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें अंदर भेज दिया गया। बैरक में जाने से पहले उनकी तलाशी ली गई। इस दौरान श्वेता के पास से हेयर स्प्रे मिला है। इसे अंदर नहीं ले जाया सकता था। इसके चलते महिला प्रहरी ने उसे बाहर रखवा दिया। इसे अपने साथ अंदर ले जाने के लिए श्वेता ने काफी मान मनुहार की, उसका कहना था कि उसके बाल बहुत जल्दी सफेद हो जाते हैं। इसके चलते ले जाने दिया जाए, लेकिन उसे नहीं दिया गया। सूत्रों के अनुसार दोनों श्वेता और बरखा पहले भी जेल में रह चुकी है। पहले दिन वह छोटी-मोटी चीजों के लिए परेशान हुई थी। इसके चलते इस बार अपने साथ कपड़े और टूथ-पेस्ट, ब्रश और दूसरा सामान भी लेकर ही आई थी।
  जेल में पांचों को अलग-अलग बैरक में रखा गया है। आरती और बरखा अलग सेल में है तो बाकी की तीनों को दो और तीन नंबर बैरक में रखा गया है। इस मामले में पहले आरोपित और पीड़िता बन गई युवती पर जेल स्टाफ नजर रखे हुए हैंं। उसके सरकारी गवाह बनने के लिए तैयार होने की बात सामने आने के बाद बची हुई आरोपित उसे धमका सकती हैं। इसके चलते जेल स्टाफ को नजर रखने के लिए कहा गया है।