शाम की ओपीडी खुलने से एमवाय  के मरीजों को बहुत राहत मिली  
शाम की ओपीडी खुलने से एमवाय 

के मरीजों को बहुत राहत मिली 

  इंदौर। शहर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल व हमेशा सुर्खियों में बना रहने वाला एमवाय अब शाम को भी मरीजों को राहत देने जा रहा है। शाम को 6 से रात 9 बजे तक ओपीडी लगने लगी है। अब तक केवल दिन में ही ओपीडी लगने से शाम को आने वाले मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। यहां तीन घंटे तक दो डॉक्टर सेवाएं देंगे। 

  रोजाना डॉक्टरों की अलग-अलग ड्यूटी लगाई जाएगी। दैनिक दोपहर ने एमवाय में नहीं लगती शाम की ओपीड़ी शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद निस्तेज पड़े एमवाय प्रशासन ने सजगता दिखाई। एमवाय अधीक्षक पीएस ठाकुर के अनुसार, एमवाय में रोजाना हजारों मरीजों की आवाजाही बनी रहती है। सुबह 8 से 11 बजे तक ओपीड़ी लगती है। इस दौरान मरीजों की अत्यधिक भीड़ उमड़ती है। दोपहर से लेकर रात तक मरीजों का आना जाना लगा रहता है। शाम को ओपीडी की व्यवस्था नहीं होने से मरीजों को इलाज के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। कई बार वे परेशान होकर निजी अस्पताल की शरण लेकर महंगा इलाज कराने पर मजबूर हो जाते हैं। इसे देखते हुए अब तय किया है कि एमवाय में शाम के समय भी ओपीडी लगाई जाएगी। हालांकि, इस पर लंबे समय से काम चल रहा था, लेकिन डॉक्टरों की अरुचि व अन्य व्यवस्थाओं के चलते योजना पर काम नहीं हो सका। सबकुछ सामान्य होने के बाद ओपीडी का लाभ मरीजों को शाम को भी मिलने लगा है।