लोकसेवा केन्द्रों में भी बनेंगे ईडब्ल्यूएस के प्रमाण पत्र  

लोकसेवा केन्द्रों में भी बनेंगे

ईडब्ल्यूएस के प्रमाण पत्र

  इंदौर। शासन द्वारा नौकरी व कॉलेजों में प्रवेश के लिए काम आने वाले ईडब्ल्यूएस के प्रमाण पत्र अब शहर में संचालित दोनों लोकसेवा केन्द्रों पर तैयार किए जाएंगे। इससे आवेदक को लाभ मिलेगा। वर्तमान में उक्त प्रमाण पत्र तहसीलदार व क्षेत्रीय एसडीएम के जिम्मे हैं। 

  चार माह पहले शासन के आदेश पर कलेक्टोरेट में ईडब्ल्यूएस के प्रमाण पत्र बनाने का काम शुरू किया था। प्रमाण पत्र के लिए आवश्यक दस्तावेज के बाद मात्र 50 रुपए में दो दिन में तैयार कर दिया जाता है। इस प्रमाण पत्र का लाभ उन आवेदकों को मिलता है, जो सामान्य वर्ग से जुड़े हैं। सामान्य वर्ग को शासन ने 10 प्रतिशत आरक्षण दे रखा है। प्रमाण पत्र उनकी प्राइवेट, सरकारी नौकरी के लिए रामबाण का काम करता है। कॉलेजों में आरक्षित सीट होने पर भी उक्त प्रमाण पत्र से प्रवेश लेने में आसानी रह जाती है। इसके लिए कलेक्टोरेट में बाकायदा अलग से व्यवस्था की गई है। अब तक सामान्य वर्ग के लोगों को हजारों प्रमाण-पत्र बांटे जा चुके हैं और कई आवेदन जांच में पड़े हैं। प्रमाण पत्रों में लगने वाले दस्तावेजों की जांच तहसीलदार व एसडीएम करने के बाद तैयार करते हैं। कई बार आवेदन जमा करने के बाद कार्यों की अधिकता के चलते तहसीलदार व एसडीएम कार्यालय में बैठ नहीं पाते। कार्यालय  में होने के बाद भी लंबित फाइलों के निपटारे में लगे रहते हैं। ऐसे में आवेदक परेशान होता रहता है। इसी परेशानी को दूर करने के लिए लोकसेवा केन्द्रों के माध्यम से आवेदन लेने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू कर दी जाएगी। शहर में कलेक्टोरेट व पालिका प्लाजा में लोकसेवा केन्द्र संचालित हो रहे हैं।