व्यवस्था दुरूस्ती के लिए ट्रैफिक  पुलिस को मिलेगी चीता गाड़ी! 
व्यवस्था दुरूस्ती के लिए ट्रैफिक 

पुलिस को मिलेगी चीता गाड़ी!

- उल्लंघन करके भागने वालों को तुरंत पकड़ा जाएगा 
इंदौर। शहर में ट्रैफिक पुलिस बेहतर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने में कमर कसकर लगी है। लोगों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी जा रही है। अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि व्यवस्था में आमूलचूल परिवर्तन हो सके। कई बार वाहन चालक नियमों का उल्लंघन कर देते हैं, ऐसे लोगों को पकडऩे अब ट्रैफिक पुलिस हाइटेक होने जा रही है। 

  शीघ्र ही जवानों को दोपहिया चीता गाड़ी मिलेगी। निगम द्वारा सफाई में तीन बार नंबर आने के बाद जिला प्रशासन, आरटीओ व ट्रैफिक पुलिस का मकसद यातायात व्यवस्था में भी नंबर-वन की पायदान पर पहुंचने का है। इसके चलते छात्र-छात्राओं व लोगों को नियमों का हवाला देकर जागरूक किया जा रहा है। ट्रैफिक पुलिस के इस सहयोग में छात्र-छात्रा भी शामिल हो रहे हैं। चौराहों पर खड़े विद्यार्थी वाहन चालकों को व्यवस्थित करने में लगे रहते हैं। वरिष्ठ अधिकारी भी मंच से वाहन चालकों को जागरूक कर रहे हैं। कई बार वाहन चालक रेड सिगनल का उल्लंघन कर निकल जाते हैं। चूंकि, चौराहा पर खड़ा जवान उसे पकड़ नहीं पाता। इसे देखते हुए अब रेड सिगनल तोड़कर नियमों का उल्लंघन करने वाले को पकडऩे के लिए चीता वाहन दिया जाना प्रस्तावित है। यह वाहन अभी तक पुलिस को मिले हैं, जो अपराध कर भागने वाले बदमाशों को पकडऩे तथा गंभीर मामले में मौके पर पहुंचने में काम आती है। उधर, नियमों को ताक में रखकर वाहन चलाने वालों पर लगाम लगाने बड़ी चालानी कार्रवाई भी की जाएगी। छोटे बच्चे वाहन चलाते मिले तो उनके पालकों पर कार्रवाई होगी, ताकि आगे से वे बच्चों को वाहन नहीं दे सके। दुर्घटना करने वाले वाहन चालकों का लायसेंस स्थायी रुप से निरस्त कर दिया जाएगा। वाहन के फिटनेस, परमिट रद्द करने जैसे कड़े कदम भी उठा जा रहे हैं।