राशन दुकानों पर घटिया अनाज खाद्य विभाग फिर भी मौन बैठा!
राशन दुकानों पर घटिया अनाज

खाद्य विभाग फिर भी मौन बैठा!
इंदौर। शहर की कंट्रोल दुकानों पर इन दिनों उपभोक्ताओं को घटिया अनाज वितरित किया जा रहा है। खाद्य विभाग शिकायतों के बाद भी मौन बैठा हुआ है। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए कंट्रोल दुकानों पर खाद्य विभाग ने अनाज का आवंटन किया है। इसका वितरण करने के निर्देश भी दिए गए हैं। 

  कंट्रोल पर गरीब उपभोक्ताओं को दिया जाने वाला अनाज घटिया किस्म का होने से खाने योग्य नहीं है। अनाज में मिट्टी, कंकर व अन्य सामग्री मिले रहते हैं, जिसे घर लाकर साफ करने का खासी मशक्कत करना पड़ती है। यही हाल मक्का का भी है। मक्का में कीड़े लगे रहते हैं। मक्का दाना की क्वालिटी भी निम्न स्तर की है। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य विभाग ने अनाज वितरण की तारीख में अस्थाई संशोधन किया है। अब तक कंट्रोल दुकानों पर अनाज वितरण की तारीख 1 से 7 तक रहती है। त्यौहार के कारण इसे बढ़ाकर 14 अगस्त तक कर दिया गया है। इसके बाद 24 अगस्त की अपेक्षा 20 अगस्त से 30 अगस्त तक वितरण व्यवस्था रहेगी। इस दौरान सभी उपभोक्ताओं को अनाज वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। पीओएस मशीन में अंगूठा निशानी नहीं आने के बावजूद भी उपभोक्ताओं को अनाज देने की बात कही गई है। शेष रहने वाले उपभोक्ताओं को भी अनाज वितरण असमय कर दिया जाएगा।