खेल दिवस पर शहर में साइकल रैली  निकली, मंत्री खुद साइकल से पहुंचे!

खेल दिवस पर शहर में साइकल रैली 
निकली, मंत्री खुद साइकल से पहुंचे!

  इंदौर। हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के जन्म दिवस पर राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया। इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा साइकल रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का शुभारंभ खेल एवं युवा कल्याण मंत्री जीतू पटवारी ने किया। रैली में मंत्री पटवारी ने स्वयं साइकल चलाई। इसमें संभाग आयुक्त आकाश त्रिपाठी, कलेक्टर लोकेश कुमार जाटव सहित अन्य खिलाड़ियों और बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया।
   साइकल रैली के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खेल एवं युवा कल्याण मंत्री जीतू जीतू पटवारी ने मेजर ध्यानचंद जी के जन्मदिवस पर शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि खेल से हर परिवार जुड़े। प्रदेश के खिलाड़ी देश ही नहीं अपितु अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजनों में भी मध्य प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि इंदौर को स्वच्छता के साथ-साथ खेल में भी अव्वल बनाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इंदौर में साइकिलिंग को बढ़ावा दिया जाएगा। इंदौर फिटनेस में भी नंबर वन बने यह हमारा प्रयास रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल सुविधाओं के विस्तार में जनसहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी। खेल के लिए बेहतर वातावरण बनाया जा रहा है। हर व्यक्ति को खेल को आत्मसात करना चाहिए। खेल से सकारात्मकता की भावना आती है।
  यह साइकल रैली रेसीडेंसी क्लब से प्रारंभ हुई। रैली शिवाजी वाटिका, मधु मिलन चौराहा, रीगल चौराहा, किशनपुरा पुल, राजवाड़ा, किशनपुरा पुल, एमजी रोड, मधु मिलन चौराहा, शिवाजी वाटिका होते हुए वापस रेसीडेंसी क्लब पर समाप्त हुई। मंत्री श्री पटवारी कार्यक्रम में भाग लेने के लिए अपने निवास स्थान से भी साइकल चलाकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे थे।