इको फ्रेंडली गणेश, दुर्गा  उत्सव मनाने की अपील    इंदौर। संभाग आयुक्त
इको फ्रेंडली गणेश, दुर्गा 

उत्सव मनाने की अपील 

  इंदौर। संभाग आयुक्त

आकाश त्रिपाठी ने अपील की है कि आने वाले गणेश तथा दुर्गा उत्सव को इको फ्रेंडली मनाया जाए। इन त्यौहारों के दौरान प्लास्टर ऑफ पेरिस की प्रतिमाओं का उपयोग नहीं हो और इनके स्थान पर मिट्टी से बनी मूर्तियों की स्थापना की जाए। मिट्टी से निर्मित मूर्तियों के उपयोग से पर्यावरण का संरक्षण होगा। नदी और तालाबों में भी जल प्रदूषित नहीं होगा। 

  संभाग आयुक्त ने प्लास्टर ऑफ पेरिस से मूर्तियों के निर्माण, उनके परिवहन तथा विक्रय पर प्रतिबंध लगाने के लिये सभी कलेक्टरों को दिशा-निर्देश दिये हैं। इस संबंध में जारी दिशा-निर्देशानुसार कलेक्टरों से कहा गया है कि वे दण्ड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 के तहत निषेधात्मक आदेश जारी कर प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्तियों के निर्माण, परिवहन तथा उनके विक्रय आदि पर प्रतिबंध लगायें। प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्तियां पायी जाने पर उनका विनिष्टीकरण कराया जाये। यह ध्यान रखा जाये कि किसी भी प्रकार की धार्मिक भावना आहत न हो। आमजन को मिट्टी से बनी मूर्तियों के लिये प्रेरित किया जाये। स्थानीय निकाय के माध्यम से प्रतियोगिताएं आयोजित कराकर व्यक्तिगत एवं सामूहिक रूप से पुरस्कृत किया जाये। सामूहिक पांडालों में मूर्ति स्थापना की अनुमति देते समय आयोजकों से यह अंडरटेकिंग ली जाये कि वह सिर्फ मिट्टी से बनी मूर्ति की स्थापना ही करेंगे। स्कूल, कॉलेज, सामाजिक सांस्कृतिक संस्थाओं और गैर सरकार संगठनों के माध्यम से मिट्टी से बनी मूर्तियों के उपयोग को प्रोत्साहित किया जाये। मिट्टी की मूर्ति घर के आँगन, गार्डन में बाल्टी या टब में भी विसर्जित करने के लिये आमजन को प्रेरित किया जाये। इन निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाये।