भीड़ के कारण पांच नए इलाकों  में लोकसेवा केंद्र खोले जाएंगे!  
भीड़ के कारण पांच नए इलाकों 

में लोकसेवा केंद्र खोले जाएंगे!

  इंदौर। कुछ दिनों में शहर के पांच इलाकों में नए लोकसेवा केन्द्र खोले जाएंगे। इसके लिए जगह का चयन किया जाना है। आवेदकों को निरंतर बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने उक्त निर्णय लिया है। तहसीलदारों व निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने कार्यक्षेत्र में जगह का चयन करें।  

  वर्तमान में शहर में केवल दो स्थानों पालिका प्लाजा और कलेक्टोरेट परिसर में लोकसेवा केन्द्र संचालित हो रहे हैं। दोनों केन्द्रों पर रोजाना 400 से 500 आवेदक पहुंच रहे हैं। आवेदक जाति, आय, मूल निवासी प्रमाण पत्र, बीपीएल कार्ड बनवाने वाले हैं। नए शैक्षणिक सत्र के शुरू होते ही दोनों केन्द्रों पर अधिकतर आवेदक जाति प्रमाण पत्र के लिए जुटते हैं। घंटों लंबी कतार में लगने के बाद उनका आवेदन काउंटर पर जमा हो पाता है। कई बार भीड़ को काबू करना मुश्किल भरा होता है। ऐसे में पुलिस जवान की भी व्यवस्था की जाती है। जिला प्रशासन ने नए लोकसेवा केन्द्र खोलने के लिए शासन को पत्र भेजा है। वहां से स्वीकृति मिलने के बाद केन्द्र को लेकर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। उधर, शासन को पत्र भेजने के साथ ही प्रशासन ने तहसीलदारों व निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र का परीक्षण कर जगह का चयन करे। लोकसेवा केन्द्र के लिए तीन हजार स्क्वेयर फीट जमीन लगेगी। इतनी जमीन पर भवन निर्मित होना चाहिए। निजी भवन होने पर प्रशासन उसका किराया भी चुकाएगा। शासकीय भवन होने पर अविलंब लोकसेवा केन्द्र खोल दिए जाएंगे। केन्द्र में काम करने वाले कर्मचारियों की नई भर्ती नहीं होगी, बल्कि दोनों केन्द्रों का निरीक्षण कर जहां भी अधिक कर्मचारी होंगे, उन्हें दूसरे केन्द्र में मर्ज कर दिया जाएगा। इससे प्रशासन को आर्थिक लाभ होने के साथ ही प्रशिक्षण देने से भी निजात मिलेगी।