वचन पत्र की अर्थी निकालने पर गिरफ्तार 
वचन पत्र की अर्थी निकालने पर गिरफ्तार

 इंदौर। कमलनाथ सरकार द्वारा युवाओं को बेरोजगारी भत्ता दिए जाने का वादा पूरा नहीं होने पर भाजयुमो ने राजवाड़ा पर कांग्रेस के वचन-पत्र की अर्थी निकाली। इस पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। भाजयुमो नगर अध्यक्ष मनवस्वी पाटीदार, महामंत्री मयूरेश पिंगले, रोहित चौधरी, नीरज ठाकुर, राहुल राणे सहित मोर्चे के कार्यकर्ता आज सुबह राजबाडा पर ज़मा हुए। प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पांडे ने मोर्चा पदाधिकारियों को कांग्रेस के खिलाफ़ अर्थी जुलुस निकालने के लिए कहा था। प्रदेश सरकार ने चार हज़ार युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने के लिए कहा था, लेकिन मुख्यमंत्री कमलनाथ इस वादे से मुकर गए। इस मामले को उठाने के लिए आज प्रदेशभर में प्रदर्शन किए गए। मनस्वी पाटीदार का कहना है कि उन्होंने राजवाड़ा पर जुलूस की इजाजत जिला प्रशासन से ली थी। वहीं राजवाड़ा पर प्रशासन ने कांग्रेसियों को भी प्रदर्शन की मंजूरी दे रखी थी। प्रदर्शन के दौरान हमें गिरफ्तार कर लिया गया और जिला जेल भेजा गया।